कसडोल - जल संरक्षण के लिए निकाली गई भव्य कलश यात्रा,,,,,गिरौदपुरी से लोरिक बांध तक ग्रामीणों ने लिया जल बचाने का संकल्प,,,,

जल संरक्षण के लिए निकाली गई भव्य कलश यात्रा
गिरौदपुरी से लोरिक बांध तक ग्रामीणों ने लिया जल बचाने का संकल्प
कसडोल। शासन की मंशानुरूप जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जल संसाधन अनुविभाग गिरौदपुरी द्वारा सेवा संकल्प कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा ग्राम पंचायत गिरौदपुरी भवन से प्रारंभ होकर लोरिक बांध तक निकाली गई। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को जल के संरक्षण, संवर्धन एवं सदुपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जल संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों ने जल बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान “जल है तो कल है” का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर जल संसाधन अनुविभाग गिरौदपुरी के अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम पंचायत गिरौदपुरी के सरपंच राजाराम पटेल, सभी पंचगण सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल के सदुपयोग तथा जल की अनावश्यक बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया गया।
जल संरक्षण को लेकर निकाली गई यह कलश यात्रा क्षेत्र में जागरूकता का संदेश देने वाली रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ