सरपंच पति पर महिला हितग्राही के प्रधानमंत्री आवास में JCB चलवाने का आरोप,,,,,,पीड़िता ने कलेक्टर से की शिकायत, कार्रवाई और न्याय की मांग,,,,,,

सरपंच पति पर महिला हितग्राही के प्रधानमंत्री आवास में JCB चलवाने का आरोप,,,,,,
पीड़िता ने कलेक्टर से की शिकायत, कार्रवाई और न्याय की मांग,,,,,,

कसडोल -  जिले के सोनाखान क्षेत्र के ग्राम देवरूम में एक महिला हितग्राही ने वर्तमान सरपंच पति सहित तीन लोगों पर उसके प्रधानमंत्री आवास को जेसीबी से तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से करते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार ग्राम देवरूम निवासी हेमकुमारी चौसान (45 वर्ष) के नाम पर 13 सितंबर 2024 को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था। महिला का दावा है कि उसने अपनी पट्टे की भूमि पर रिश्तेदारों और अन्य लोगों से राशि लेकर वर्ष 2024 में आवास का निर्माण पूरा कराया था। आवास पूर्ण होने के बाद वह अपने परिवार के साथ वहां निवास कर रही थी।

पीड़िता का आरोप है कि 1 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3 से 4 बजे वर्तमान सरपंच पति जगमोहन नायक सहित नंदकुमार पटेल और नॉनकेश्वर पटेल ने जेसीबी मशीन के माध्यम से उसके प्रधानमंत्री आवास को तुड़वा दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर महिला और उसके परिवार के साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट की गई।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि आवास को तोड़ने से पहले उसे किसी सक्षम अधिकारी अथवा न्यायालय का आदेश नहीं दिखाया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना की सूचना राजादेवरी पुलिस थाने में लिखित रूप से दी गई, लेकिन शिकायत के अनुसार अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़िता ने कलेक्टर से अपने पट्टे की भूमि पर बने प्रधानमंत्री आवास को तोड़े जाने की जांच कराने, संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई करने तथा अपने परिवार को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की मांग की है।

मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित पक्षों और प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ